Skip to main content

पर दिल की हर आँख बहती थी...

उस दिन उस एक मय्यत पर हमने 

एक अपने को नहीं अपने पूरे परिवार को खोया था।

जिसको सोचकर सोचकर ही

दिल, आत्मा, मेरा वजूद तक रोया था।

मैं दौड़ा था उसको कुछ पल थामने के लिए,

अपनी यादों में उसकी झलक बांधने के लिए।

उसकी ठंडी पड़ी उंगलियों को अपने कलेजे पर रखना चाहा था,

उसके जाने के गम की जलन कुछ-कुछ मिटाने के लिए।

पर कदम पड़े जब उस चौखट पर तो,

वहां उसका नामोनिशान तक न था।

खामोश धरती थी, खामोश आसमान था,

पर उस गली, उस शहर में उसका कोई सामान तक न था।

मैं पहुंचा, मैंने पूछा कहां गया वो,

जिससे मिलने मैं दौड़-दौड़कर आया हूँ?

कुछ नहीं बस अपनी यादें,

अपने गम, अपनी नम पलकें मैं लाया हूँ।

वो सुनसान सा आंगन, 

उसमें बस ब्रूनो का भौंकना,

हर होती आहट पर बस 

एक उस कुत्ते का चौंकना।

बस एक उसकी आँखों में मुझे

किसी के आने की आस दिखती थी,

बस एक उसकी आँखों में मुझे 

अपने मालिक को पाने की प्यास दिखती थी।

बाकी तो हर कोई बस बात बता रहा था,

वो राज था या हकीकत कुछ समझ कहां आ रहा था।

मैं बस एक तस्वीर बनाता रहा अपने जेहन में,

कोई उसे हार्ट अटैक तो कोई जहर बता रहा था।

कोई नील कह रहा था, कोई सेहत की ढील कह रहा था,

कोई तकदीर कह रहा था, कोई गहरी पीड़ कह रहा था 

मैं उलझन में था कि उसने कभी कुछ क्यों नहीं कहा था?

जब उसका दिल कोई तकलीफ सह रहा था।

मैं टूटे दिल, बिखरे दिमाग को कुछ समझा नहीं पा रहा था,

पूछने पे कैसे गया वो, अजीब अजीब सा जवाब आ रहा था।

कोई कहता कि माँ को कुछ कहा तो बेटा सबको जेल भिजवा देगा,

पिता के जाने का दोषी, पूछने वाले को बना देगा।

खबरदार कोई खबर लेने की कोशिश न करना,

वरना गुनाह की पूछ करने वाले को वो गुनहगार बना देगा।

कोई कुछ बक रहा था, तो कोई कुछ बक रहा था,

पर सच बताने वाला कोई वहाँ कहाँ था?

अपनों की भीड़ में वो खोया था या हम

हमें समझने वाला या समझाने वाला एक जहाँ चला गया था।

वहाँ जो भी था उनकी बातें एक दूजे से इत्तेफाक नहीं रखती थीं,

कोई कुछ कहता तो उसकी निगाह कुछ और ही कहती थी...

मुझे कुछ समझ नहीं आया सच क्या रहा होगा,

दिमाग तो कुछ सोच न पाया पर दिल की हर आँख बहती थी...

पर दिल की हर आँख बहती थी...

Comments

Popular posts from this blog

हिंदी की पीड़ा

साल भर बाद आज,  निकलकर वो बाहर आई। मैंने कहा बहन तुमको हिंदी दिवस की बहुत बधाई। और पूरे जोश से पूछा - "कैसी हो हिंदी?" अंग्रेजी, फ्रेंच, जर्मन आदि वायरस के बीच, मुझे लगा तुम नहीं बची, पर हर्ष हुआ, तुम तो हो आज भी जिंदी! उसने जो कहा, उसे सुन दिल टूट गया, ऐसा लगा जैसे अपना कोई हो छूट गया। उसका दर्द बड़ा ही गहरा था, उसको गैरों ने नहीं ठगा था, कोई अपना ही था उसे जो लूट गया। उसने कहा- "कैसे कहूं! कैसी है यह हिंदी!" जो थी कभी मां के माथे की बिंदी-सी, अब है थोड़़ी मृत, थोड़ी जिंदी-सी। थोड़ी इंग्लिश हुई, थोड़ी हिंग्लिश हुई, बस थोड़ी ही बची वो हिंदी-सी। बस यह कह वो खामोश हुई, और मुझसे बहुत कुछ कह-सी गई। उसके अलविदा में कोई खुशी न थी, वो गई वहां से पर, कुछ वहीं पर रह-सी गई।  वो सबके लिए एक भाषा है, पर उसको भी हमसे आशा है। सांस उसे कुछ कम-सी हैं, मृत होती वो, उसको बहुत निराशा है। पहले वो बोली, माँ की बोली थी। पूजनीय थी वो जैसे, पूजा के थाल में रोली थी, वो दिए-सी जलती दिवाली थी, वो रंगों से भरी होली-सी थी। संस्कृत, पालि, प्राकृत, अपभ्रंश, अवहट्ट, और न जाने कितने झूलों में खेली ...

माँ सरिता (नदी)

आज गुरुजनों के सानिध्य में बिताए कुछ पलों में ऐसी शांति मिली कि बहुत दिनों बाद जीवन को समझने को कुछ पल मिल गए। गुरु छाया मुझ पर सदैव बनी रहे।  ❤️❤️ प्रणाम व आभार। यह निर्मल सरिता जो बह रही है, कुछ तो है जो यह मुझसे कह रही है। फुर्सत इसे समझने की आज मिली है, मुझ तुच्छ मनुष्य की यही तो संगदिली है। पहली बात -  कभी यह शोर मचाती है , कितनी ताकत है इसमें दर्शाती है। उस पल इसे देखना, ए दोस्त! अपनी रजतसदृश चमक से  सूरज को भी पछाड़ जाती है। तब यह हुंकार भरती है, चुनौतियों से प्यार करती है। उस पल मानो राह की शिला भी पसीना पसीना हो इससे डरती है। माँ समतुल्य सरिता मुझको सिखा रही थी, डरना नहीं मेरे लाल, चुनौती की किसी शिला से मैं जो चुल्लू में नहीं समा सकती मुझे भी बिना टकराए कभी रास्ता नहीं मिला रे... कभी रास्ता नहीं मिला रे.... दूसरी बात -  अब कहीं यह खामोश रहती है यूं लगता है कि कितनी सरलता से बहती है। पर उस हर पल में भी  कुछ तो है जो यह सहती है, पर मेरे मित्रों! वो यूहीं चुपचाप नहीं रहती है। तुम समझ न सके पर वो -  कभी हंसती , कभी रोती है। कभी वो दिन रात जगती है, कभी...

कोई शुभकामना कुबूल न होगी...

नारी तुम तो नारी हो, न अबला न बेचारी हो। लक्ष्मी हो तुम, तुम ही विद्या हो, तुम ही नवदुर्गा शक्ति स्वरूपा हो। जिंदगी का आरंभ तुमसे, जिंदगी का अंत तुम हो। इक मकान का मालिक होता है पुरुष पर, उसको घर बनाने का मंत्र, नारी तुम हो। तुम न अपनों से हारी हो, न तुम अपने सपनों की मारी हो। तुम हर काम की शुरुआत हो  और तुम हर जंग की तैयारी हो। नारी तुम तो नारी हो। ये जो बोला सब सच है क्या, क्या इसमें रत्तीभर का भी झूठ नहीं? सच बताओ तुम सर्वेसर्वा हो इस जग की या इस तेरे जग में, तेरे घर में तेरी कोई पूछ नहीं। एक बार मनन करके देखो, जैसा कहती हूँ वैसा करके देखो - एक बार सुंदर-सुकुमल बनना, तुम देखना, तुम तब भी कुचली जाओगी। फिर सबल सुदृढ़ बनकर देखना, तुम तब भी ताने पाओगी। साल भर रोने वाली तू नारी तुम कुछ नहीं बस भोली हो! तुम्हें हर मज़ाक में सिरदर्द कहने वालों की तुम हर मर्ज की गोली हो। तुम घर की लाज शर्म हया हो, तो कभी दिल बहलाने वाली अदा हो। कभी सात फेरों की वफ़ा हो, तो कभी घर बचाने वाली सदा हो। तुम जिम्मेदारी उठाने वाला कांधा हो, तुम बॉस की फटकार निकालने का जरिया हो। तुम कभी उसकी गलतियों का पुतला हो...