Skip to main content

नारी क्यों है भारी?

 नर से भारी नारी 

यह वाक्य आपने भी सुना होगा।

अपनी अपनी कसौटी में कसा होगा,

माना ऐसा करने में आपका अपना कुछ भाव रहा होगा।

पर चलिए आज कुछ चर्चा करते है,

अपने श्रम, अपने समय का खर्चा करते है। 

जो देते रहे अब तक हमें अपना हर पल हर क्षण 

उनको कुछ आदर, कुछ सम्मान आज हम भी देते हैं।

क्या कहा - क्यों देते हैं? 

क्यों देते हैं - आज समझाती हूं,

अपने हृदय की बात बतलाती हूं।

एक बार फिर से मैं बोलूंगी- 

नर से भारी नारी,

आगे की पंक्ति मैं जोड़ूंगी 

तन से भारी, मन से भारी, श्रम से भारी।


तन से भारी 

यह बात सुन आप ज़रूर मुस्काए होंगे,

मन में कई चित्र बनाए होंगे।

पर मैं उसका कारण बतलाती हूं,

एक नया नजरिया दिखलाती हूँ।

वो नारी का भार- 

विवाह पूर्व वो माता का प्यार,

विवाह उपरांत वो ममता का आधार।

अब इस भार पर नारी की उलाहना मत करना,

नारी के माता के स्वरूप को सदा हृदय में धरना।


अब बारी मन से भारी- 

बचपन में आपने सुना होगा

बेटी तो पराया धन है ।

ससुराल गई सुनने लगी

अब यही तेरा नया जीवन है।

वो एक जीवन को भुलाती है,

दूजा जीवन अपनाती है।

गैर कोई जो जन्म से था,

माता पिता वो उनको बनाती है।

कोई उसको अपना माने न माने

वो हर रिश्ते को निभाती है।

सोचिए जीवन में उसके,

 कितने संदेह रहे होंगे।

कभी मतभेद, कभी मनभेद

उसने हँसकर के सहे होंगे।

तब कैसे न कहोगे उनको मन से भारी,

एक बार सोचकर आप देखो 

क्या पराए घर बिना अपेक्षा आप

कर सकते हो इतनी सेवा सारी।


अब बात श्रम से भारी की करते हैं,

वो रोबोट नहीं पर कम भी नहीं,

माना उसमें पुरुषों सा दम भी नहीं।

वो घड़ी है निरंतर चलने वाली,

उसका रुकने का कोई मौसम भी नहीं।

उससे कौन सा कार्य अछूता है

उससे किसने आराम को पूछा है।

वो घर पर है तो सब हो जाएगा

हर सदस्य को यही भरोसा है।

डॉक्टर बनी, बनी टीचर,

कुश्ती की, पहुंची चाँद पर ।

पर हुई कभी न घर की जिम्मेदारी इधर की उधर।

उसने कौन से कार्य को छोड़ा,

वो रण में गई, वो वन में भी गई,

भरती खुशियां जिस भी जीवन में गई।

अब इससे ज़्यादा क्या श्रम होगा 

जिस जीवन में कोई विश्राम नहीं।

फिर भी सुना है मैंने कई बुद्धिजीवियों के अधरों से

अरे ये! खाली हैं ये। इनका कोई काम नहीं।


अब तारीफ़ में इस भारी जीव की मैं क्या बोलूं 

वो तो बस त्याग तपस्या की मूरत है।

वो कौन है ज़रा पूछकर देखिए अपने हृदय से,

वो तस्वीर धुंधली है, 

पर वो नारी की ही सूरत है...

पर वो नारी की ही सूरत है...




Comments

Popular posts from this blog

हिंदी की पीड़ा

साल भर बाद आज,  निकलकर वो बाहर आई। मैंने कहा बहन तुमको हिंदी दिवस की बहुत बधाई। और पूरे जोश से पूछा - "कैसी हो हिंदी?" अंग्रेजी, फ्रेंच, जर्मन आदि वायरस के बीच, मुझे लगा तुम नहीं बची, पर हर्ष हुआ, तुम तो हो आज भी जिंदी! उसने जो कहा, उसे सुन दिल टूट गया, ऐसा लगा जैसे अपना कोई हो छूट गया। उसका दर्द बड़ा ही गहरा था, उसको गैरों ने नहीं ठगा था, कोई अपना ही था उसे जो लूट गया। उसने कहा- "कैसे कहूं! कैसी है यह हिंदी!" जो थी कभी मां के माथे की बिंदी-सी, अब है थोड़़ी मृत, थोड़ी जिंदी-सी। थोड़ी इंग्लिश हुई, थोड़ी हिंग्लिश हुई, बस थोड़ी ही बची वो हिंदी-सी। बस यह कह वो खामोश हुई, और मुझसे बहुत कुछ कह-सी गई। उसके अलविदा में कोई खुशी न थी, वो गई वहां से पर, कुछ वहीं पर रह-सी गई।  वो सबके लिए एक भाषा है, पर उसको भी हमसे आशा है। सांस उसे कुछ कम-सी हैं, मृत होती वो, उसको बहुत निराशा है। पहले वो बोली, माँ की बोली थी। पूजनीय थी वो जैसे, पूजा के थाल में रोली थी, वो दिए-सी जलती दिवाली थी, वो रंगों से भरी होली-सी थी। संस्कृत, पालि, प्राकृत, अपभ्रंश, अवहट्ट, और न जाने कितने झूलों में खेली ...

माँ सरिता (नदी)

आज गुरुजनों के सानिध्य में बिताए कुछ पलों में ऐसी शांति मिली कि बहुत दिनों बाद जीवन को समझने को कुछ पल मिल गए। गुरु छाया मुझ पर सदैव बनी रहे।  ❤️❤️ प्रणाम व आभार। यह निर्मल सरिता जो बह रही है, कुछ तो है जो यह मुझसे कह रही है। फुर्सत इसे समझने की आज मिली है, मुझ तुच्छ मनुष्य की यही तो संगदिली है। पहली बात -  कभी यह शोर मचाती है , कितनी ताकत है इसमें दर्शाती है। उस पल इसे देखना, ए दोस्त! अपनी रजतसदृश चमक से  सूरज को भी पछाड़ जाती है। तब यह हुंकार भरती है, चुनौतियों से प्यार करती है। उस पल मानो राह की शिला भी पसीना पसीना हो इससे डरती है। माँ समतुल्य सरिता मुझको सिखा रही थी, डरना नहीं मेरे लाल, चुनौती की किसी शिला से मैं जो चुल्लू में नहीं समा सकती मुझे भी बिना टकराए कभी रास्ता नहीं मिला रे... कभी रास्ता नहीं मिला रे.... दूसरी बात -  अब कहीं यह खामोश रहती है यूं लगता है कि कितनी सरलता से बहती है। पर उस हर पल में भी  कुछ तो है जो यह सहती है, पर मेरे मित्रों! वो यूहीं चुपचाप नहीं रहती है। तुम समझ न सके पर वो -  कभी हंसती , कभी रोती है। कभी वो दिन रात जगती है, कभी...

कोई शुभकामना कुबूल न होगी...

नारी तुम तो नारी हो, न अबला न बेचारी हो। लक्ष्मी हो तुम, तुम ही विद्या हो, तुम ही नवदुर्गा शक्ति स्वरूपा हो। जिंदगी का आरंभ तुमसे, जिंदगी का अंत तुम हो। इक मकान का मालिक होता है पुरुष पर, उसको घर बनाने का मंत्र, नारी तुम हो। तुम न अपनों से हारी हो, न तुम अपने सपनों की मारी हो। तुम हर काम की शुरुआत हो  और तुम हर जंग की तैयारी हो। नारी तुम तो नारी हो। ये जो बोला सब सच है क्या, क्या इसमें रत्तीभर का भी झूठ नहीं? सच बताओ तुम सर्वेसर्वा हो इस जग की या इस तेरे जग में, तेरे घर में तेरी कोई पूछ नहीं। एक बार मनन करके देखो, जैसा कहती हूँ वैसा करके देखो - एक बार सुंदर-सुकुमल बनना, तुम देखना, तुम तब भी कुचली जाओगी। फिर सबल सुदृढ़ बनकर देखना, तुम तब भी ताने पाओगी। साल भर रोने वाली तू नारी तुम कुछ नहीं बस भोली हो! तुम्हें हर मज़ाक में सिरदर्द कहने वालों की तुम हर मर्ज की गोली हो। तुम घर की लाज शर्म हया हो, तो कभी दिल बहलाने वाली अदा हो। कभी सात फेरों की वफ़ा हो, तो कभी घर बचाने वाली सदा हो। तुम जिम्मेदारी उठाने वाला कांधा हो, तुम बॉस की फटकार निकालने का जरिया हो। तुम कभी उसकी गलतियों का पुतला हो...