Skip to main content

बस मेरी जान खो गयी है...

कुछ ऐसे पल होते है कि लोग इस दुनिया को छोड़ देते हैं। क्या उन पलों के बारे में और अपनी जिंदगी के बारे में वो कुछ सोचते होंगे....एक नज़र डाल लें उन अधूरे सपनों पर😢😢💐



सुबह की वो ठंडी हवा वही रही,
चिड़ियों का चहकना वही रहा।
फूलों की खुशबू वही रही,
कलियों का खिलना वही रहा।

वो नदी का बहना वही रहा,
वो कोयल का कूकना वही रहा।
वो समंदर की लहरों का उफ़ान वही रहा,
वो सैर पर निकले लोगों का चलना वही रहा।

वो रोज़ाना का काम वही रहा,
वो दिन के टिफ़िन का डब्बा वही रहा।
वो लोकल ट्रेन की भीड़ वही रही,
वो रात दिन काम का जज़्बा वही रहा।

पर मैं मुझे नज़र नहीं आ रहा,
जाने मैं हूँ कहाँ खो गया।
पहले बहुत सिसकियाँ सुनी कुछ दिन,
पर अब सब खामोश हो गया।

मैं आईने को देखता हूँ,
पर मेरा अक्स दिखता नहीं है।
कहीं मेरी फ़ोटो पर हार है,
पर वहाँ कोई शख्स टिकता नहीं है।

आज यकीन हो गया है,
इस दुनिया में मोहब्बत नहीं है।
है तो बस जरूरतों से बने जरूरतों के रिश्ते हैं,
जिनकी किसी को कोई जरूरत नहीं है।

इस दुनिया से रुख़्सती के बाद बस इतना ही है जाना,
मेरी मुस्कान वही रही, बस मेरी साँस खो गयी।
मेरी जिंदगी वही रही, बस मेरी जान खो गयी.....
मेरी जिंदगी वही रही, बस मेरी जान खो गयी.....


उनके जाने के बाद कुछ नहीं बदलता पर हाँ वे कुछ पल और रुक जाते तो शायद उनकी ज़िंदगी बदल सकती थी।

Comments

Post a Comment